आंगनबाड़ी केंद्रों में शत प्रतिशत मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश

आईसीडीएस की समीक्षा बैठक शुक्रवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में हुई.

By RANA GAURI SHAN | March 13, 2026 6:47 PM

मुंगेर. आईसीडीएस की समीक्षा बैठक शुक्रवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में हुई. इसमें जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शत प्रतिशत मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टेक होम राशन के शत प्रतिशत वितरण, कन्या उत्थान योजना के सभी लाभूकों को शत प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि योजना के जितने भी लाभार्थी आंगनबाड़ी केंद्रों में निबंधित हैं उन्हें ससमय राशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ हर हाल में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन केंद्रों में अब भी पेयजल, शौचालय, विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था नहीं हुई है, वहां जाकर निरीक्षण करें और शीघ्र सारी व्यवस्था कराएं. उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा कि सभी केंद्रों को चिह्नित करें तथा एक माह के अंदर शेष बचें केंद्रों पर शत प्रतिशत विद्युतीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें. पेयजल की व्यवस्था के लिए पीएचईडी विभाग के अभियंता को उपलब्ध सूची के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था के निदेश दिए. वन स्टाॅप सेंटर की समीक्षा में सेंटर के भवन निर्माण कार्य की समीक्षा की गयी. साथ ही वन स्टाॅप सेंटर के कार्यकलापों को जन जन तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिये गये.