शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, हजारों की संपत्ति जलकर राख

कादरगंज गांव में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से रीना देवी के फूस के घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई, जिसे दमकल विभाग और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया.

By Divyanshu Prashant | May 7, 2026 10:39 AM

हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 स्थित कादरगंज गांव में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से एक फूस के घर में भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में घर के अंदर रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. दमकल विभाग और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

देर रात धू-धू कर जला आशियाना

मिली जानकारी के अनुसार, कादरगंज निवासी रीना देवी के फूस के घर में बुधवार देर रात अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया. जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते, आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी.

दमकल कर्मियों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मी मोतीलाल कुमार, राजीव रंजन और रंजन कुमार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत की और काफी संघर्ष के बाद आग पर काबू पाया. तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल चुका था.

पीड़ित परिवार के सामने संकट

इस हादसे में रीना देवी का घर और उसमें रखी हजारों की संपत्ति स्वाहा हो गई है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है. अग्निशमन विभाग की टीम ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने और ग्रामीणों के सहयोग के कारण आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया.