मुंगेर की गंगा में फिर समाई जिंदगी: पूर्व बैंक गार्ड की डूबने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Ganga Tragedy : गंगा नदी में डूबने से पूर्व बैंक गार्ड की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

By AMIT KR SINHA | July 2, 2026 3:54 PM

बरियारपुर, मुंगेर से संजीव कुमार की रिपोर्ट

Ganga Tragedy : मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित आशा टोला गांव के रहने वाले 48 वर्षीय जगमोहन मंडल की गंगा में डूबने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बुधवार शाम नहाने गए थे जगमोहन मंडल

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगमोहन मंडल बुधवार शाम करीब सात बजे अपने घर के पीछे स्थित गंगा के दियारा क्षेत्र में स्नान करने के लिए गए थे. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका.

Ganga Tragedy : सुबह पानी में उपलाता हुआ मिला शव

गुरुवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव उपलाता हुआ देखा. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान जगमोहन मंडल के रूप में की गई. बताया जाता है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां करीब 20 फीट गहरा पानी था.

पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की जानकारी मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जगमोहन मंडल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उनकी पत्नी कुसुम देवी और पुत्र-पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. इनमें एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं.

दो साल पहले छोड़ दी थी नौकरी

परिजनों के अनुसार जगमोहन मंडल पहले एसबीआई के एटीएम गार्ड के रूप में कार्यरत थे. करीब दो वर्ष पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रह रहे थे. उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: कहीं आपकी खरीदी हुई पुरानी गाड़ी चोरी की तो नहीं? खरीदने से पहले जरूर करें ये काम, नहीं तो पड़ सकते हैं कानूनी लफड़े में