सुबह चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल, शाम में बारिश ने दी राहत

सुबह चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल, शाम में बारिश ने दी राहत

By BIRENDRA KUMAR SING | June 9, 2026 9:08 PM

मौसम के बदले मिजाज से उमस कम, किसानों व आम लोगों के चेहरे खिले

मुंगेर.

मंगलवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया. दोपहर में चिलचिलाती धूप ने परेशान किया, लेकिन शाम में मौसम ने करवट लिया और बादलों के बीच आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को राहत दिला दी. जिसके बाद लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत ली.

सुबह से लेकर दोपहर तक चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले. दोपहर तक तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया. हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली. आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी. करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गयी, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई. शाम के समय लोग घरों से बाहर निकलकर खुले मौसम का आनंद लेते दिखायी दिए.

किसानों के लिए भी राहत भरी बारिश

बारिश ने केवल आम लोगों को ही नहीं, बल्कि किसानों को भी राहत पहुंचाई. किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही थी. मंगलवार की बारिश से खेतों में हल्की नमी बढ़ी है, जिससे खरीफ फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी. कृषि कार्यों से जुड़े लोगों ने इस बारिश को लाभदायक बताया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है. मौसम के इस बदले हुए मिजाज ने फिलहाल मुंगेरवासियों को गर्मी से राहत दिलायी है और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है.