भूमि अधिग्रहण को लेकर होने वाले सर्वे व रैयतों की जमीन के मुआवजा पर चर्चा

मुंगेर विश्वविद्यालय के भूमि अधिग्रहण को लेकर बुधवार को चड़ौन के पंचायत सरकार भवन में डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में रैयतों की बैठक हुई.

By RANA GAURI SHAN | April 15, 2026 6:30 PM

मुंगेर विश्वविद्यालय के भूमि अधिग्रहण को लेकर रैयतों के साथ डीएम ने की बैठक मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय के भूमि अधिग्रहण को लेकर बुधवार को चड़ौन के पंचायत सरकार भवन में डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में रैयतों की बैठक हुई. इसमें भूमि अधिग्रहण को लेकर होने वाले सर्वे व रैयतों की जमीन के मुआवजा पर चर्चा की गयी. बैठक में अपर समाहर्ता मनोज कुमार, सदर एसडीओ कुमार अभिषेक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे. डीएम ने रैयतों से अपील किया कि चड़ौन में मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए जमीन का चयन किया गया है. इसमें आप तमाम रैयतों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है. इसके लिए सभी रैयत सबसे पहले सर्वे कार्य को पूर्ण होने दें. सर्वे होते ही जैसे ही जमीन अधिग्रहण का कार्य प्रारंभ होगा, सभी संबंधित रैयतों को जिला प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत ही हर्ष की बात है कि इस क्षेत्र को मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए चिह्नित किया गया है. आने वाले वर्षाें में इस क्षेत्र का सर्वांगीण व चहुंमुखी विकास होना निश्चित है. इसमें आप सभी का सहयोग अपेक्षित है. जिन रैयतों की जमीन इस विश्वविद्यालय निर्माण में जायेगा उन्हें हर हाल में उचित मुआवजा दिया जायेगा. आगामी 21, 22 एवं 23 अप्रैल को सर्वे का कार्य प्रारंभ होना है. इसलिए आप सभी इस सर्वे कार्य को सफलता पूर्वक संपन्न करायें. जब तक सर्वे का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता तब तक आप रैयतों की जो भी समस्याएं हैं, उसका समाधान संभव नहीं है. सर्वे कार्य में व्यवधान न उत्पन्न करें. बल्कि अपना पूर्ण सहयोग दें. ताकि जिन रैयतों की जितनी जमीन अधिग्रहित की जायेगी उन्हें जमीन के आधार पर मुआवजा की राशि दी जायेगी. उन्होंने रैयतों से अपील करते हुए कहा कि सर्वे के दौरान सभी रैयत अपने-अपने जमीन के पूर्ण कागजात के साथ अपना नाम हर हाल में अंकित करायेंगे, ताकि उन्हें ससमय उचित मुआवजा की राशि उपलब्ध करायी जा सके.