सिपाही भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ परीक्षार्थी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

Constable Exam Cheating Case: मुंगेर में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान केंद्राधीक्षक की सतर्कता से नकल का प्रयास पकड़ा गया. इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ गिरफ्तार परीक्षार्थी को पुलिस ने जेल भेज दिया.

By Pintu Pranav | June 29, 2026 1:39 PM

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Constable Exam Cheating Case: मुंगेर जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र स्थित नौवागढ़ी प्लस उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से कथित रूप से नकल करने का मामला सामने आया है. केंद्राधीक्षक की सतर्कता से संदिग्ध गतिविधि पकड़ में आई, जिसके बाद पुलिस ने परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. सोमवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.

केंद्राधीक्षक की सतर्कता से खुला मामला

जानकारी के अनुसार, रविवार को परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर केंद्राधीक्षक ने उसकी जांच कराई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किया गया. आरोप है कि इसी डिवाइस का उपयोग परीक्षा में अनुचित तरीके से सहायता प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था. इसके बाद केंद्राधीक्षक ने तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर

सूचना मिलते ही नया रामनगर थाना की पुलिस परीक्षा केंद्र पहुंची और आरोपित परीक्षार्थी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसकी पहचान बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के रौंदा गांव निवासी राजकुमार के पुत्र राहुल के रूप में हुई. पुलिस ने उसके खिलाफ नया रामनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली.

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की होगी जांच

Constable Exam Cheating Case: पुलिस ने बरामद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को जांच के लिए सुरक्षित रखा है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित नकल गिरोह से जुड़ा है या नहीं. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एसपी ने दिए विस्तृत जांच के निर्देश

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एसडीपीओ सदर के स्तर से बरामद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की तकनीकी जांच कराई जा रही है. मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है.सोमवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार परीक्षार्थी राहुल को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

ALSO READ: बरियारपुर में विकास की कछुआ चाल का टॉर्चर: फोरलेन अधूरा, NH पर रेंग रही जिंदगी, रोज लग रहा जाम