बक्सर सदर SDPO कार्यालय पहुंचे शाहाबाद DIG, लंबित कांड और वारंट निष्पादन में लापरवाही पर चेतावनी

Buxar Shahabad DIG Inspection : अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश ने सोमवार को बक्सर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया.

By Onkar Nath Mishra | July 6, 2026 9:57 PM

Buxar Shahabad DIG Inspection : अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश ने सोमवार को बक्सर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए उन्होंने एसडीपीओ और पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. खामियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी भी जताई.

Buxar News: अचानक पहुंचे डीआईजी, कार्यालय में मचा हड़कंप

डीआईजी सत्य प्रकाश के अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचने से पुलिस कार्यालय में हड़कंप मच गया. उन्होंने कांड डायरी, वारंट, कुर्की निष्पादन रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की. पुराने और लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया.

लंबित कांड और वारंट निष्पादन में लापरवाही पर चेतावनी

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि लंबित कांडों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. वारंट और कुर्की के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

चोरी, लूट और अवैध शराब के खिलाफ चलाएं विशेष अभियान

डीआईजी ने अनुमंडल क्षेत्र की आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए एसडीपीओ और थानाध्यक्षों को चोरी, लूट, वाहन चोरी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने गश्ती व्यवस्था और गुप्त सूचना तंत्र को भी मजबूत करने पर जोर दिया.

कानून के दायरे में रहकर करें कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीआईजी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, लेकिन कानून के दायरे में रहकर. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी थाने में मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी या फर्जी मुकदमे दर्ज करने जैसी शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी.

औचक निरीक्षण आगे भी रहेगा जारी

निरीक्षण के दौरान सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. निरीक्षण के बाद डीआईजी ने कहा कि पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे.

Also Read : कैमूर: नहर में नहाने को लेकर दो गांवों में झड़प, लाठी-डंडे और ईट-पत्थर चले, 18 घायल, 16 गिरफ्तार