भागवत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं में भारी रोष, प्रबंधन ने तीन अन्य एजेंसियों में किया शिफ्ट
मुंगेर में गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं के हंगामे के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए भागवत गैस एजेंसी के ग्राहकों को अन्य तीन एजेंसियों में शिफ्ट कर दिया है. अब निखिल और कुमार भाई गैस एजेंसी समेत अन्य केंद्रों से उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट: मुंगेर के कौड़ा मैदान स्थित भागवत गैस एजेंसी में पिछले कई दिनों से रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और उपभोक्ताओं के बढ़ते हंगामे को देखते हुए इंडियन ऑयल प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है. उपभोक्ताओं की असुविधा को दूर करने के लिए भागवत गैस एजेंसी के सभी उपभोक्ताओं को मुंगेर की निखिल गैस एजेंसी और जमालपुर की कुमार भाई गैस एजेंसी सहित कुल तीन विभिन्न एजेंसियों में शिफ्ट कर दिया गया है. अब इन उपभोक्ताओं को इन्हीं नई एजेंसियों के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
वितरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू
निखिल गैस एजेंसी के प्रोपराइटर निखिल कुमार ने जानकारी दी कि आज से ही भागवत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को गैस वितरण की जिम्मेदारी उनके द्वारा संभाल ली गई है. वहीं जमालपुर स्थित कुमार भाई गैस एजेंसी के प्रोपराइटर आनंदमूर्ति ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए फिलहाल यह प्रयास किया जा रहा है कि भागवत गैस एजेंसी के कार्यालय के सामने ही वितरण की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को अधिक दूरी तय न करनी पड़े.
ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद नहीं मिल रहा था सिलेंडर
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब भागवत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन नंबर लगाने और पुर्जा कटवाने के बावजूद उन्हें लंबे समय से सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही थी. इस अव्यवस्था से नाराज होकर उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर जमकर हंगामा किया था. उपभोक्ताओं की इसी परेशानी और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से उपभोक्ताओं को दूसरी एजेंसियों से जोड़ने का निर्णय लिया. अब नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को नियमित रूप से रसोई गैस उपलब्ध हो सकेगी.
