भीषण गर्मी में असरगंज के पेयजल स्टॉल खाली, ठंडा पानी के लिए भटक रहे राहगीर

Munger News : असरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के लिए लगाए गए ठंडे पेयजल स्टॉल अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर पा रहे हैं. राहगीरों का आरोप है कि पूरे गर्मी सीजन में स्टॉलों पर एक दिन भी ठंडा पानी उपलब्ध नहीं कराया गया.

By AMIT KR SINHA | June 8, 2026 11:36 AM

असरगंज, मुंगेर से हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger News : भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बाजार, अस्पताल चौक, थाना चौक और प्रखंड मुख्यालय के समीप ठंडे पेयजल के लिए स्टॉल लगाए गए हैं. हालांकि इन स्टॉलों पर पानी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

स्टॉल देखकर लौट रहे राहगीर

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा टेंट लगाकर आकर्षक स्टॉल तो बनाए गए, लेकिन वहां ठंडे पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई. राहगीर प्यास बुझाने की उम्मीद में स्टॉल तक पहुंचते हैं, लेकिन खाली व्यवस्था देखकर निराश होकर आगे बढ़ जाते हैं.

चापाकल और दुकानों के पानी पर निर्भर लोग

गर्मी से राहत पाने के लिए राहगीरों को सड़क किनारे लगे चापाकलों का सहारा लेना पड़ रहा है. कई लोगों को मजबूरी में दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है. लोगों का कहना है कि यदि नगर पंचायत ने स्टॉल लगाए हैं तो वहां नियमित रूप से ठंडा पानी भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए.

गर्मी में राहत की योजना नहीं दे पा रही लाभ

नगर पंचायत की यह पहल लोगों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, लेकिन व्यवस्था के अभाव में इसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है. भीषण गर्मी के इस दौर में सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की उपलब्धता बेहद जरूरी मानी जाती है.

कार्यपालक पदाधिकारी ने दिया आश्वासन

इस संबंध में असरगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सूर्यानंद सिंह ने कहा कि यदि सभी स्टॉलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है तो इसकी जानकारी ली जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी पेयजल स्टॉलों पर ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके.

लोगों की मांग, जल्द सुधरे व्यवस्था

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि केवल स्टॉल लगाने के बजाय वहां नियमित रूप से स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उनका कहना है कि भीषण गर्मी में यह सुविधा लोगों के लिए काफी राहतभरी साबित हो सकती है.