मुंगेर के असरगंज में पुल निर्माण की सुस्त रफ्तार, राहगीरों पर भारी पड़ रहा डायवर्सन

Asarganj Bridge Construction Delay: स्थानीय लोगों के अनुसार असरगंज बाजार से आने-जाने वाले दोपहिया, चारपहिया और ई-रिक्शा चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. पुल निर्माण के दौरान आवागमन के लिए बनाए गए डायवर्सन की स्थिति भी काफी खराब है. सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा और समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं.

By Shruti Kumari | June 6, 2026 11:00 AM

असरगंज (मुंगेर) से हिमांशु कुमार सिंह की रिपोर्ट:

Asarganj Bridge Construction Delay: असरगंज-अमैया मार्ग पर चल रहे पुल निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है. बालुआही चोरगांव और अमैया के बीच तीन स्थानों पर पुलों का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन काम की सुस्त गति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार असरगंज बाजार से आने-जाने वाले दोपहिया, चारपहिया और ई-रिक्शा चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. पुल निर्माण के दौरान आवागमन के लिए बनाए गए डायवर्सन की स्थिति भी काफी खराब है. सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा और समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं.

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

शनिवार सुबह से हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है. डायवर्सन मार्ग पर कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों को फिसलन का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पैदल यात्रियों के लिए भी आवाजाही मुश्किल हो गई है. कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति बन रही है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं.

व्यापार पर भी पड़ रहा असर

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि खराब डायवर्सन और अधूरे निर्माण कार्य के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. सामान की ढुलाई में हो रही देरी का असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने उठाई मांग

ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक मजबूत और सुरक्षित डायवर्सन की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं.