टीकाकरण कर्मियों का वेतन भुगतान को ले अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

सीएचसी पोठिया में कार्यरत टीकाकरण कर्मियों ने बुधवार से कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया है. उनका आरोप है कि लगातार आठ माह से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है और अब काम करना मुश्किल हो गया है.

By RAVIKANT SINGH | June 10, 2026 10:41 PM

पोठिया के प्रतिनिधि के अनुसार

पोठिया प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत आठ टीकाकरणकर्ता कर्मियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. कर्मियों का आरोप है कि उन्हें पिछले आठ माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है. हड़ताल पर बैठे कर्मियों में श्याम कुमार गणेश, वसीन कुमार गणेश, अर्जुन राम, हरेराम रजक, रतन कुमार सिंह, अरशद रेजा, सत्येंद्र प्रसाद सिंह एवं दयाल प्रसाद सिंह शामिल हैं.कर्मियों ने बताया कि वे आये दिन प्रखंड की 22 पंचायतों में स्थित 44 हेल्थकेयर सेंटरों तक अस्पताल से वैक्सीन पहुंचाने का कार्य करते हैं. इसके लिए वे अपनी निजी मोटरसाइकिल और अपने खर्च से ईंधन का उपयोग करते हैं. कर्मी श्याम कुमार गणेश ने बताया कि वे लोग प्रतिदिन सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ड्यूटी करते हैं और जच्चा-बच्चा टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

उन्होंने कहा कि लगातार आठ माह से वेतन नहीं मिलने के कारण अब मोटरसाइकिल में तेल भरवाने तक के पैसे नहीं बचे हैं. कर्मियों की हड़ताल के कारण प्रखंड की 22 पंचायतों में वैक्सीन आपूर्ति बाधित होने की आशंका है. प्रभारी ने बताया कि एसएनए स्पर्श सिस्टम लागू होने के बाद से भुगतान संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं और उच्च स्तर पर प्रक्रिया लंबित रहने के कारण वेतन भुगतान में देरी हो रही है.