मानव तस्करी के विरुद्ध एसएसबी ने छात्रों को किया जागरूक

मानव तस्करी के विरुद्ध एसएसबी ने छात्रों को किया जागरूक

By AWADHESH KUMAR | February 10, 2026 8:47 PM

प्लस टू हाई स्कूल तुलसिया में विशेष शिविर, झांसे व लालच से बचने के सिखाए गुर

दिघलबैंक. एसएसबी सेक्टर हेडक्वार्टर रानीडांगा (सिलीगुड़ी) के निर्देश पर मंगलवार को दिघलबैंक प्रखंड के प्लस टू हाई स्कूल, तुलसिया में मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से एसएसबी की विशेष टीम ने छात्र-छात्राओं को तस्करों के जाल से बचने और सतर्क रहने के महत्वपूर्ण तरीके बताए.

लालच व झांसा है तस्करों का हथियार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसबी के इंस्पेक्टर पल्लब कुमार दास ने कहा कि मानव तस्करी एक जघन्य अपराध है. उन्होंने बच्चों को आगाह किया कि तस्कर अक्सर नौकरी का वादा, बेहतर जीवन का लालच या बहकावे में लेकर नाबालिग बच्चों व युवतियों को अपना शिकार बनाते हैं.

इंस्पेक्टर दास ने कहा कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति के झांसे या सुनहरे वादों में न आएं. आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत सूचना दें. किसी भी आपात स्थिति में एसएसबी, स्थानीय पुलिस या विद्यालय प्रशासन से संपर्क करें.

हेल्पलाइन नंबर और सुरक्षा के उपाय

एसएसबी टीम ने बच्चों के बीच हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की. बताया कि किस प्रकार सूचना देकर किसी की जिंदगी बचायी जा सकती है. कार्यक्रम के अंत में एक संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं. इसके बाद सभी उपस्थित बच्चों व शिक्षकों ने सजग रहने व समाज को जागरूक करने की शपथ ली.

विद्यालय प्रशासन ने की पहल की सराहना

तुलसिया हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने एसएसबी की इस पहल का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं, क्योंकि जानकारी के अभाव में यहां के मासूम बच्चे तस्करों के आसान शिकार बन जाते हैं. इस अवसर पर एसएसबी की टीम, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.