सीमांचल में घने बादलों का डेरा, कई इलाकों में आज झमाझम बारिश के आसार

Seemanchal Monsoon Update: सीमांचल में मानसून सक्रिय हो गया है. किशनगंज, ठाकुरगंज और बहादुरगंज में झमाझम बारिश के आसार हैं. अगले 24 से 48 घंटे तक बारिश जारी रहने की संभावना के बीच मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

By Shruti Kumari | June 30, 2026 8:37 AM

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Seemanchal Monsoon Update: सीमांचल में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. मंगलवार सुबह से किशनगंज, ठाकुरगंज और बहादुरगंज का मौसम सुहावना बना हुआ है. आसमान घने बादलों से ढका है और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

इन इलाकों में सबसे अधिक बारिश की संभावना

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ठाकुरगंज में आज 97 प्रतिशत, बहादुरगंज में 88 प्रतिशत और किशनगंज में 85 प्रतिशत वर्षा की संभावना है. वहीं अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

किसानों के लिए राहत, निचले इलाकों में बढ़ सकती है परेशानी

लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. वहीं धान की रोपाई में जुटे किसानों के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है. हालांकि लगातार वर्षा होने की स्थिति में निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी पैदा हो सकती है.

अगले 48 घंटे तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे तक सीमांचल में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान रुक-रुक कर बारिश और कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है. लोगों से अपील की गई है कि मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा आवश्यक सावधानी बरतें.

और पढ़ें: काशीबाड़ी में जलजमाव बना नासूर, कीचड़ भरी सड़क पर चलने को मजबूर ग्रामीण