टेढ़ागाछ प्रखंड में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज

टेढ़ागाछ में त्याग, बलिदान और समर्पण का महान पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में अत्यंत शांतिपूर्ण, गरिमामयी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया

By AWADHESH KUMAR | May 28, 2026 5:34 PM

किशनगंज टेढ़ागाछ में त्याग, बलिदान और समर्पण का महान पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में अत्यंत शांतिपूर्ण, गरिमामयी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया. सुबह होते ही प्रखंड क्षेत्र की मस्जिदों और प्रमुख ईदगाहों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सफेद कुर्ता- पायजामा एवं सिर पर पारंपरिक नक्काशीदार टोपी पहने हजारों नमाजी निर्धारित समय पर ईदगाहों में पहुंचने लगे. ईदगाहों में सामूहिक रूप से बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई. नमाज के दौरान पूरे क्षेत्र में अमन-चैन, भाईचारा, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश गूंजता रहा. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी तथा देश और समाज में शांति एवं खुशहाली की दुआ मांगी. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार तथा थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों का निरीक्षण करते नजर आए. अधिकारियों ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की. बकरीद पर्व के अवसर पर पूरे टेढ़ागाछ प्रखंड में उत्साह, भाईचारा और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला.