मुहर्रम से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल से दिया सख्त संदेश

Muharram Security Kishanganj: मुहर्रम से पहले किशनगंज पुलिस ने असफाकउल्लाह खां खगड़ा स्टेडियम में दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया. पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का प्रदर्शन करते हुए सख्त संदेश दिया.

By Shruti Kumari | June 25, 2026 12:06 PM

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Muharram Security Kishanganj: मुहर्रम पर्व से पहले जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी कड़ी में बुधवार शाम असफाकउल्लाह खां खगड़ा स्टेडियम में दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
मुहर्रम से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल से दिया सख्त संदेश 2

स्टेडियम में पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बहाल करने से संबंधित विभिन्न रणनीतियों का प्रदर्शन किया. इस दौरान पूरे मैदान में पुलिस बल की अनुशासित गतिविधियां और समन्वित कार्रवाई देखने को मिली.

एंटी-रायट उपकरणों के साथ किया अभ्यास

मॉक ड्रिल में शामिल जवान एंटी-रायट गियर, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, ढाल और अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस थे. अभ्यास के दौरान विभिन्न काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर जवानों को उससे निपटने की रणनीति का प्रशिक्षण दिया गया.

पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवियों को चिन्हित करने, नियंत्रित बल प्रयोग और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया. अधिकारियों ने जवानों के समन्वय, अनुशासन और प्रतिक्रिया क्षमता का भी आकलन किया.

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

अभ्यास के दौरान यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है.

किशनगंज की खबरों को पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें

भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

किशनगंज पुलिस ने जिलेवासियों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की है. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया गया है.

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम के दौरान जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुलिस बल किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.

और पढ़ें: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा होगी और मजबूत, दोनों देशों के सुरक्षा बलों की अहम बैठक