LPG Supply Update: किशनगंज में एलपीजी का संकट खत्म, डीएम विशाल राज ने कहा- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

LPG Supply Update: बिहार के किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों पर जिला प्रशासन ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पहले की तरह ही सुचारू रूप से काम कर रही है. अब आपको गैस के लिए एजेंसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, बल्कि सिलेंडर खुद चलकर आपके दरवाजे तक आएगा.

By Pratyush Prashant | May 14, 2026 2:47 PM

LPG Supply Update: किशनगंज से रंजीत रामदास की रिपोर्ट, किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी राहत भरी जानकारी दी है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है.

प्रशासन के मुताबिक गुरुवार को जिले में 8774 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं. साथ ही गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सेवा भी सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

अब घर बैठे मिलेगी गैस सिलेंडर की सुविधा

जिला प्रशासन ने बताया कि उपभोक्ता अब घर बैठे गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं और उन्हें पहले की तरह दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा.

शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों के बाद दोबारा बुकिंग की समय सीमा तय की गई है. प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था गैस वितरण को संतुलित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है.

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जिले के विभिन्न इलाकों में अब तक सात छापेमारी की जा चुकी है.

शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

आम लोगों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया है. यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है. प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए लोग दूरभाष संख्या 06456-225152 पर संपर्क कर सकते हैं. फिलहाल जिले में गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है.

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा करने से बचें.

Also Read: India-Nepal Border Alert: किशनगंज में एसएसबी और एपीएफ की संयुक्त गश्त, सीमा सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला