किशनगंज में नहीं होगी गैस की किल्लत, डीएम ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
LPG Supply Normal: क्या आपके इलाके में भी एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह उड़ रही है. किशनगंज से आई जिला प्रशासन की यह बड़ी खबर आपको बड़ी राहत देगी, जहां गैस की सप्लाई को लेकर डीएम ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है.
LPG Supply Normal: किशनगंज से भलचंद्र मिश्रा की रिपोर्ट: किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आम जनता को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
5500 से अधिक सिलेंडर का स्टॉक, शुरू हुई होम डिलीवरी
डीएम विशाल राज ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक 5507 से अधिक है. गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था को भी पूरी तरह सुचारू कर दिया गया है. अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर काटने की कोई आवश्यकता नहीं है, वे अपने घर बैठे ही आसानी से बुकिंग कर सकते हैं. होम डिलीवरी के माध्यम से पहले की तरह ही दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा. प्रशासन ने बुकिंग के लिए समय-सीमा तय करते हुए शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों का अंतराल निर्धारित किया है.
कालाबाजारी पर एक्शन, धावा दल की सघन छापेमारी
गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. डीएम ने बताया कि इसके लिए गठित विशेष धावा दल द्वारा जिले के विभिन्न इलाकों में नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है. अब तक अलग-अलग स्थानों पर कुल 06 सघन छापेमारी की जा चुकी है. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कालाबाजारी या निर्धारित दाम से अधिक वसूली की कोई भी शिकायत मिलती है, तो दोषी डीलरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन नंबर जारी
आम जनता की समस्याओं और गैस से जुड़ी शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 07:00 बजे से लेकर रात 09:00 बजे तक लगातार काम कर रहा है. जिले के लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 06456-225152 पर संपर्क कर सकते हैं. शनिवार को एलपीजी गैस से संबंधित कुल 01 शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसका अधिकारियों द्वारा त्वरित निष्पादन कर दिया गया है.
