किशनगंज में मौसम ने बदला मिजाज, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं उमस से लोग परेशान

Kishanganj Weather Alert: कोचाधामन में 27.5 मिमी और गोथरा में 14.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई. लगातार बारिश से कुछ क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई है.

By Shruti Kumari | June 24, 2026 9:22 AM

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Kishanganj Weather Alert: मानसून की सक्रियता के बीच बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिला. कहीं झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी तो कहीं बादलों की आवाजाही और बढ़ी आर्द्रता के कारण उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही.

कोचाधामन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज

मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कोचाधामन प्रखंड में 27.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि गोथरा क्षेत्र में 14.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ.

तापमान में उतार-चढ़ाव, उमस ने बढ़ाई परेशानी

ठाकुरगंज और बहादुरगंज में सुबह का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार दिन में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं कोचाधामन में 28.5 डिग्री सेल्सियस और गोथरा क्षेत्र में 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

क्या कहता है IMD क्लिक करें और जानें

आर्द्रता का स्तर रहा काफी अधिक

जिले के कई क्षेत्रों में आर्द्रता का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया. गोथरा में आर्द्रता 100 प्रतिशत तथा कोचाधामन में 80 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई. इसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा और दिनभर बेचैनी महसूस हुई.

अगले 48 घंटे तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 से 48 घंटे के दौरान जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.

किसानों के लिए राहत, जलजमाव की भी चिंता

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान बारिश धान सहित खरीफ फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी. इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और खेती कार्य को गति मिलेगी. हालांकि लगातार बारिश होने की स्थिति में जलजमाव किसानों की चिंता बढ़ा सकता है.

और पढ़ें: ओवरलोड ई-रिक्शों में सफर कर रहे स्कूली बच्चे, हर दिन जोखिम में पड़ रही जान