किशनगंज में रामपुर रेतूआ नदी पुल पर हादसा, दो वाहनों की टक्कर में युवक की मौत

Kishanganj Road Accident: रेतूआ नदी पुल पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो गाड़ियां, एक युवक की मौके पर ही मौत, दूसरा चालक फरार.

By Pratyush Prashant | June 28, 2026 1:20 PM

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट.

Kishanganj Road Accident: टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के रामपुर चौक स्थित रेतूआ नदी पुल पर शनिवार की संध्या एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. दो वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चली गई जान

मृतक की पहचान सुंदरबाड़ी मटियारी वार्ड संख्या-5 निवासी राजू कुमार राम के रूप में हुई है. वह बालेश्वर राम के पुत्र थे और ईदगाह के पास पोस्टमास्टर शमशाद अली के पड़ोसी बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, रामपुर रेतूआ नदी पुल पर दो वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हुई. हादसा इतना भीषण था कि राजू कुमार राम की मौके पर ही मौत हो गई.

एक वाहन पुल पर क्षतिग्रस्त मिला, दूसरा चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद एक वाहन पुल पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा रहा, जबकि दूसरे वाहन का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ.

Kishanganj Road Accident: पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

रेतूआ नदी पुल पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर स्थित रेतूआ नदी पुल पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने पुल क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें: PMCH मामले में नया मोड़, पूर्व प्रिंसिपल पर विभाग ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के आदेश