टेढ़ागाछ में बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Kishanganj Flood Update: टेढ़ागाछ में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया. प्रशासन ने राहत तैयारियों की समीक्षा कर सतर्क रहने की अपील की

By Shruti Kumari | June 24, 2026 3:50 PM

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

Kishanganj Flood Update: प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. संभावित बाढ़ संकट से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय लोगों की समस्याओं से रूबरू हुई.

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा तथा राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से सुहिया, देवरी आदिवासी टोला समेत अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौजूदा स्थिति का आकलन किया.

निरीक्षण के दौरान बाढ़ से प्रभावित परिवारों की स्थिति, आवागमन की व्यवस्था, सुरक्षित स्थलों की उपलब्धता तथा संभावित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई. ग्रामीणों ने अधिकारियों को जलभराव, आवागमन में हो रही परेशानी तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया.

आपात स्थिति से निपटने के निर्देश

बीडीओ अजय कुमार ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं. उन्होंने कहा कि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएंगे.

लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

अंचलाधिकारी शशि कुमार ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी परिस्थिति में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.

राहत शिविर के रूप में इस्तेमाल हो सकते हैं विद्यालय

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालय भवनों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को राहत शिविर के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं पर चर्चा की और संबंधित तैयारियों का जायजा लिया.

अफवाहों से बचने की अपील

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें.

अधिकारियों के इस दौरे से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में राहत और सहायता मिलने की उम्मीद जगी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

किशनगंज की खबरों को पढ़ने के लिये क्लिक करें