पवन कुमार उर्फ चिंटू का कई जिलों में फैला है आपराधिक नेटवर्क

बिहार और पश्चिम बंगाल में सक्रिय आपराधिक गिरोह का है सदस्य

By AWADHESH KUMAR | May 21, 2026 7:23 PM

किशनगंज. किशनगंज में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू यादव लंबे समय से बिहार और पश्चिम बंगाल में सक्रिय आपराधिक गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है. पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ कई जिलों में लूट, छिनतई, बाइक चोरी और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं. कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी शातिर पवन कुमार उर्फ चिंटू का नाम पिछले कुछ वर्षों में सीमांचल और कोशी इलाके में तेजी से उभरा है. पुलिस के अनुसार, वह अंतरराज्यीय बाइक चोर और छिनतई गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में भी वारदातों को अंजाम देता रहा है. किशनगंज, कटिहार, अररिया, पूर्णिया और मुंगेर समेत कई जिलों की पुलिस उसे तलाश रही थी. सूत्रों के मुताबिक, आरोपित पवन कुमार उर्फ चिंटू और उसका गिरोह सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और बाइक लूट की घटनाओं को अंजाम देता था. कई मामलों में चोरी की बाइक का इस्तेमाल अन्य अपराधों में भी किया जाता था. पुलिस को लंबे समय से उसकी गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. किशनगंज पुलिस के अनुसार, हाल ही में जिले में हुई कई बाइक चोरी और छिनतई की घटनाओं में भी पवन के गिरोह की संलिप्तता सामने आयी है. बुधवार देर रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियार सप्लाई और चोरी के वाहनों के धंधे से जुड़े लिंक की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े कई और बड़े खुलासे जल्द हो सकते हैं.