15 दिवसीय आरओ मरम्मत प्रशिक्षण शिविर का आरंभ

15 दिवसीय आरओ मरम्मत प्रशिक्षण शिविर का आरंभ

By AWADHESH KUMAR | January 31, 2026 9:40 PM

ठाकुरगंज. एसएसबी 19वीं बटालियन द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित 15 दिवसीय आरओ मरम्मत प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन शनिवार को ग्राम ग्वालटोली (वाइब्रेन्ट विलेज) में किया गया. प्रशिक्षण में सीमांत क्षेत्र के 30 ग्रामीण युवाओं को आरओ मरम्मत का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. उद्घाटन अवसर पर कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के अंतर्गत हर वर्ष विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का सफल संचालन किया जाता है. उन्होंने बताया कि विकसित भारत अभियान के तहत वाइब्रेंट गांव धनटोला, डोरिया, चूर्ली, भेंडरानी, हुलहूली, ग्वालटोली, सुखानी सहित अन्य गांवों के ग्रामीण इस कार्यक्रम से लाभान्वित होंगे. कमांडेंट ने युवाओं से कहा कि भविष्य में आयोजित होने वाले सैनिटरी पैड मशीन वितरण एवं भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए वे तैयार रहें. उन्होंने यह भी कहा कि 15 दिवसीय आरओ मरम्मत प्रशिक्षण में प्रतिभागी ग्रामीण युवा अपने कौशल विकास के लक्ष्य को निष्ठा और लगन से सफल बनाएंगे. वर्तमान समय में आरओ मरम्मत क्षेत्र की मांग बढ़ रही है और यह प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम प्रदान करता है.