फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अत्यंत जरूरी : बीडीओ

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कदवा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में सर्वजन दवा सेवन यानि एमडीए अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया

By RAJKISHOR K | February 10, 2026 7:01 PM

कदवा. राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कदवा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में सर्वजन दवा सेवन यानि एमडीए अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार ने की. फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मौके पर बीडीओ प्रेम कुमार ने स्वयं दवा सेवन कर समुदाय को प्रेरित किया. कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसको सफल बनाने के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दी जाने वाली डीईसी और अल्बेंडाजोल की दवा अपने सामने अवश्य सेवन करें. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलायेंगे. ताकि अधिकतम कवरेज सुनिश्चित हो सके. दवा पूरी तरह सुरक्षित है. सामान्य बीमारियों से ग्रसित लोग भी चिकित्सकीय सलाह के अनुसार इसका सेवन कर सकते हैं. किसी भी संभावित प्रतिक्रिया से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम की व्यवस्था की गई है. मेगा एमडीए दिवस पर विशेष बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जायेगा. इसके बाद निर्धारित अवधि तक घर-घर अभियान चलाकर छूटे हुए लाभार्थियों को दवा खिलाई जायेगी. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में दवा का सेवन अवश्य करें. कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पिरामल फाउंडेशन, कटिहार की टीम ने अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. प्रखंड स्तर पर सशक्त समन्वय के साथ इसे प्रभावी रूप से संचालित करने की प्रतिबद्धता जतायी. मौके पर बीएचएम रवि रश्मि, बीसीएम सुनील कुमार, बीबीडीएस इम्तियाज अहमद, बीएमएण्ड ई मुकेश कुमार, पिरामिड टीम से गांधी फेलो विवेक गुप्ता, जिला लीड आजाद सोहेल, कोडिनेटर राजेश कुमार मंडल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.