समेली विषहरी स्थान के समीप कुत्ते को बचाने में गैस सिलिंडर लदा ट्रक पलटा

एनएच 31 पर समेली विषहरी स्थान के समीप शनिवार को गैस सिलिंडर लदा ट्रक नियंत्रण खोकर सड़क किनारे झाड़ी में पलट गया

By RAJKISHOR K | June 6, 2026 7:08 PM

कुरसेला.

एनएच 31 पर समेली विषहरी स्थान के समीप शनिवार को गैस सिलिंडर लदा ट्रक नियंत्रण खोकर सड़क किनारे झाड़ी में पलट गया. ट्रक के पलटने से गैस सिलिंडर बिखर गया. ट्रक पलटने की आवाज सुन कर आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी. घटना में किसी के हताहत या घायल होने की जानकारी नहीं है. चालक ने ट्रक से छलांग लगा कर अपनी जान बचायी. गैस सिलिंडर लदे ट्रक के पलटने की सूचना पर कुरसेला थाना पुलिस ने दुर्घटना स्थल पर पहुंच कर तहकीकात शुरू की. जानकारी अनुसार ट्रक पर इंडेन कम्पनी का भरा गैस सिलिंडर था. संयोग से कोई सिलिंडर फटा नहीं. अन्यथा बड़ा हादसा घटित हो सकता था. ट्रक बांका से गैस सिलिंडर लेकर किशनगंज जा रहा था. चालक ने बताया कि सड़क पर अचानक आये कुत्ते को बचाने में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और पलटी खा गया. चालक ने बताया कि ट्रक के पलटने से वह मामूली रूप से चोटिल हुआ है. पुलिस ने दुर्घटना स्थल पर गैस सिलिंडर की सुरक्षा के लिए पुलिस जवान तैनात कर दिया था. जानकारी अनुसार संबंधित गैस एजेंसी को दुर्घटना का जानकारी दे दी गयी है.