सांप काटने के बाद मृत सांप को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन, डॉक्टर ने बचाई युवती की जान

मनसाही के इमली टोला में सांप काटने की शिकार हुई युवती को परिजन मृत सांप के साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. समय पर डॉक्टरी इलाज मिलने से युवती की जान बच गई है और उसे देखने के लिए अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

By Divyanshu Prashant | May 7, 2026 2:31 PM

कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट: कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ इमली टोला गांव में सांप काटने की शिकार हुई एक युवती को उसके परिजन मृत सांप के साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. समय पर इलाज मिलने की वजह से युवती की जान बच गई है और वह अब खतरे से बाहर है.

मकई की सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, इमली टोला निवासी 19 वर्षीय जीना खातून गुरुवार सुबह अपने घर में मकई की थ्रेसिंग (सफाई) करवा रही थी. इसी दौरान मकई के ढेर में छिपे एक जहरीले सांप ने उसके हाथ में काट लिया. सांप के काटते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए न सिर्फ सांप को ढूंढकर मार डाला, बल्कि उसे एक थैले में रखकर युवती के साथ सीधे सदर अस्पताल ले आए.

डॉक्टर को दिखाया मृत सांप

सदर अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ए.के. देव को मृत सांप दिखाया, ताकि सांप की पहचान कर सही एंटीडॉट दिया जा सके. डॉक्टर ने बिना समय गंवाए तत्काल युवती का इलाज शुरू किया. डॉ. ए.के. देव ने बताया कि समय पर अस्पताल आने और एंटी स्नेक वेनम मिलने के कारण युवती की हालत अब स्थिर है. उन्होंने सलाह दी कि सांप काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना ही समझदारी है.

अस्पताल में उमड़ी भीड़

युवती के चाचा मो. मकसूद आलम ने बताया कि डॉक्टर को सांप की प्रजाति के बारे में सटीक जानकारी देने के उद्देश्य से वे लोग सांप को साथ लाए थे. इधर, अस्पताल परिसर में मृत सांप को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. समय पर लिए गए इस फैसले और डॉक्टरों की तत्परता की इलाके में काफी चर्चा हो रही है.