दिव्यांग व बुजुर्गों लाभुकों को घर पर मिलेगा राशन, एमओ
गोपालपुर एमओ ने विभिन्न पंचायतों के दर्जनों पीडीएस दुकानों का शनिवार को निरीक्षण किया. उन्होंने राशन वितरण, स्टॉक पंजी व ई-पॉस मशीन से वितरण की प्रक्रिया की जांच की.
भागलपुर, गोपालपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट,
जिले के गोपालपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) ने विभिन्न पंचायतों के दर्जनों जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का शनिवार को औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक पंजी, लाभुकों की उपस्थिति तथा ई-पॉस मशीन से वितरण की प्रक्रिया की जांच की. एमओ ने सभी पीडीएस दुकानदारों को निर्देश दिया कि दिव्यांग, असहाय एवं अत्यधिक बुजुर्ग लाभुकों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. ऐसे लाभुक यदि दुकान तक आने में असमर्थ हैं तो डीलर स्वयं उनके घर जाकर ई-पॉस मशीन के माध्यम से अंगूठे का सत्यापन कर राशन उपलब्ध कराएं.निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुसार खाद्यान्न वितरण का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने, लाभुकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा वितरण संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एमओ ने लाभुकों से भी अपील की कि राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर इसकी सूचना तत्काल प्रखंड आपूर्ति कार्यालय को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके. निरीक्षण अभियान से पीडीएस दुकानदारों में हड़कंप का माहौल देखा गया.
