रिजल्ट आया लेकिन अंकपत्र नहीं, छात्रों के आगे की पढ़ाई पर संकट

Purnia University UG Marksheet: यूजी जेनरल कोर्स के छात्रों को अंकपत्र नहीं मिलने से शैक्षणिक भविष्य पर संकट गहरा गया है. छात्र संगठन लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

By Shruti Kumari | June 24, 2026 10:31 AM

कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट:

Purnia University UG Marksheet: पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित जिले के दो अंगीभूत महाविद्यालयों केबी झा कॉलेज और एमजेएम महिला कॉलेज के यूजी जेनरल कोर्स के छात्र-छात्राएं इन दिनों अंकपत्र नहीं मिलने से परेशान हैं. परिणाम प्रकाशित होने के बावजूद कॉलेजों में अब तक अंकपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई और नामांकन को लेकर संकट खड़ा हो गया है.

छात्रों का कहना है कि रिजल्ट जारी हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अंकपत्र नहीं मिलने के कारण वे विभिन्न प्रवेश प्रक्रियाओं में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं. इससे उनके शैक्षणिक भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है.

बीएड और अन्य पाठ्यक्रमों में नामांकन पर असर

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के विभाग सह संयोजक विक्रांत सिंह, नगर सह मंत्री रवि सिंह, विशाल सिंह समेत अन्य छात्र नेताओं ने बताया कि छात्रों की समस्या को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्राचार और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है.

उन्होंने बताया कि केबी झा कॉलेज के करीब 400 छात्र-छात्राएं बीएड समेत अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर परेशान हैं. अंकपत्र के अभाव में कई विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया अटक गई है.

यूपी बीएड और बिहार बीएड अभ्यर्थी भी प्रभावित

छात्रों ने बताया कि बीएससी जेनरल पार्ट-वन, पार्ट-टू एवं पार्ट-थ्री सत्र 2022-25 तथा बीए जेनरल सत्र 2022-25 के विद्यार्थियों को अब तक अंकपत्र नहीं मिला है.

कई छात्र यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, लेकिन अंकपत्र नहीं होने के कारण उनका नामांकन अधर में लटका हुआ है. वहीं बिहार बीएड में काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद वे इसमें शामिल नहीं हो पा रहे हैं.

विद्यार्थियों का आरोप है कि कॉलेज जाने पर उन्हें विश्वविद्यालय भेज दिया जाता है और विश्वविद्यालय पहुंचने पर कॉलेज से संपर्क करने की सलाह दी जाती है. इस स्थिति में छात्र लगातार भटकने को मजबूर हैं.

एक सप्ताह में उपलब्ध कराया जाएगा अंकपत्र : परीक्षा नियंत्रक

इस संबंध में पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरकांत सिंह ने कहा कि यह ओल्ड कोर्स से जुड़ा मामला है. छात्र संगठनों और विद्यार्थियों की ओर से अंकपत्र नहीं मिलने की जानकारी प्राप्त हुई है.

उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विद्यार्थियों का अंकपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई और नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

और पढ़ें: कटिहार में आज उमस बढ़ाएगी परेशानी, 11 बजे से बारिश की संभावना