पूर्णिया में 20 मई को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे कर्मचारी, कुलपति कार्यालय के सामने होगा प्रदर्शन

Purnia University Protest: पूर्णिया विश्वविद्यालय से जुड़े कर्मचारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. 20 मई को सामूहिक अवकाश लेकर कर्मचारी विवि मुख्यालय में बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं.

By Pratyush Prashant | May 17, 2026 9:17 AM

Purnia University Protest: कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट . बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ के आह्वान पर 20 मई को पूर्णिया विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. इस दौरान विश्वविद्यालय मुख्यालय में कुलपति के समक्ष व्यापक और प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा. आंदोलन को लेकर कर्मचारी संगठनों ने तैयारी तेज कर दी है. डीएस कॉलेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शंभू कुमार यादव ने बताया कि इस संबंध में कुलसचिव को कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से सूचना दी जाएगी.

मार्च की बैठक में बनी थी आंदोलन की रणनीति

कर्मचारी संघ के अनुसार आंदोलन का फैसला 14 मार्च को पटना में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया था. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष बेंकटेश कुमार ने की थी. उसी दौरान यह तय किया गया कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा.

20 मई को विवि मुख्यालय में शक्ति प्रदर्शन

संघ नेताओं का कहना है कि सामूहिक अवकाश के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचेंगे और कुलपति कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे. इसे कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है. आंदोलन को सफल बनाने के लिए कॉलेज स्तर पर भी बैठकों का दौर जारी है.

जून में पूरे बिहार का दौरा करेंगे पदाधिकारी

संघ ने आंदोलन को और मजबूत बनाने की रणनीति भी तैयार की है. जानकारी के अनुसार जून महीने में महासंघ के पदाधिकारी बिहार के विभिन्न प्रक्षेत्रों का दौरा करेंगे. इसका उद्देश्य कर्मचारियों को संगठित करना और आगामी आंदोलन के लिए माहौल तैयार करना है. प्रक्षेत्रवार कार्यक्रम की तिथि बाद में जारी की जाएगी.

जुलाई में विधानमंडल घेराव की तैयारी

पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष शंभू कुमार यादव ने बताया कि जुलाई में बिहार विधानमंडल के समक्ष विशाल धरना आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे राज्य से कर्मचारी भाग लेंगे. वहीं अगस्त में वृहद परिषद की बैठक कर आंदोलन को और तेज करने तथा अनिश्चितकालीन हड़ताल की औपचारिक घोषणा की तैयारी की जाएगी.

Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट