अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं, एसडीओ
अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ राजू कुमार ने नर्सिंग होम संचालकों, क्लीनिक संचालकों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. एसडीओ ने कहा, नर्सिंग होम, क्लीनिक और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था आवश्यक है.
By RAJKISHOR K |
June 10, 2026 5:42 PM
नर्सिंग होम व क्लीनिक संचालकों को एसडीओ की सख्त हिदायत
बारसोई अनुमंडल कार्यालय में हुई बैठक, फायर ऑडिट एवं सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,
दिल्ली व मुजफ्फरपुर में हाल के दिनों में हुई अग्निकांड की घटनाओं के मद्देनजर बारसोई अनुमंडल प्रशासन स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है. बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ राजू कुमार ने नर्सिंग होम संचालकों, क्लीनिक संचालकों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. आवश्यक निर्देश दिए. बैठक में एसडीओ ने कहा कि नर्सिंग होम, क्लीनिक और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज एवं उनके परिजन आते हैं. ऐसे में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सभी संचालकों को अग्निशमन विभाग द्वारा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक अग्निशमन उपकरण संस्थानों में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया.
अस्पतालों व क्लीनिकों में भर्ती मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसडीओ ने कहा कि अस्पतालों और क्लीनिकों में भर्ती मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. आग जैसी अप्रिय घटना की स्थिति में समय पर बचाव कार्य हो सके. इसके लिए फायर ऑडिट, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन यंत्र एवं सुरक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए. उन्होंने संचालकों को नियमित रूप से सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने तथा कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की सलाह दी. बैठक में यह भी कहा गया कि फायर ऑडिट केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि मरीजों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है.
सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले संस्थानों में लोगों का बढ़ता है विश्वास
सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले संस्थानों में लोगों का विश्वास भी बढ़ता है. किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान की संभावना काफी कम हो जाती है. एसडीओ ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े संस्थानों में सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने सभी संचालकों से समय पर फायर ऑडिट कराने और अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की. बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी, नर्सिंग होम संचालक, क्लीनिक संचालक तथा चिकित्सक उपस्थित थे.
...