KATIHAR धूमधाम से मनाई गई महर्षि मेंही परमहंस जी की 142वीं जयंती

कटिहार में गुरुवार को उत्साह के साथ महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती मनाई गई.

By AMIT KR SINHA | April 30, 2026 1:54 PM

कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट KATIHAR NEWS :

कटिहार में गुरुवार को उत्साह के साथ महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती मनाई गई. शहर के गामी टोला स्थित महर्षि मेंहीं सत्संग आश्रम में इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि मेंही महाराज के तैल चित्र को रथ में रखकर जयघोष के बीच शहर में भव्य शोभा यात्रा सह प्रभात फेरी निकालकर की गई. इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. प्रातःकालीन स्तुति-विनती. भजन-कीर्तन एवं सामूहिक ध्यान अभ्यास से माहौल भक्तिमय हो गया. इस दौरान संतों एवं वक्ताओं ने महर्षि मेंही जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग को जीवन में अपनाने पर बल दिया. कहा गया कि उनके उपदेशों का पालन कर ही मनुष्य मोह-माया के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है. भागलपुर कुप्पाघाट से पधारे स्वामी स्वरूपानंद बाबा महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि गुरु महाराज ने सभी संप्रदायों को एक सूत्र में बांधकर संतमत का प्रचार किया और आत्मा-परमात्मा के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाया. उन्होंने सभी से सत्संग व ध्यानयोग के माध्यम से जीवन को सफल बनाने का संकल्प लेने की अपील की. आयोजन से जुड़े त्रिलोक अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जयंती धूमधाम से मनाई गई. कार्यक्रम के अंत में भव्य भंडारे का आयोजन हुआ. जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।. कार्यक्रम को सफल बनाने में निर्मल डालमिया. गणेश साह. ध्रुव मांझी. विशेश्वर नारायण भगत. सतीश चंद्र महतो सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.