कोढ़ा में बिजली संकट पर फूटा जनआक्रोश, एनएच-81 किया जाम
बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार, 10 जून 2026 को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. सुबह करीब 9:00 बजे से एनएच-81 स्थित कोलासी चौक पर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से धरना-प्रदर्शन शुरू किया
– शांतिपूर्ण धरना के बाद प्रशासनिक आश्वासन पर हटाया गया जाम
कटिहारप्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार, 10 जून 2026 को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. सुबह करीब 9:00 बजे से एनएच-81 स्थित कोलासी चौक पर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से धरना-प्रदर्शन शुरू किया. दोपहर 12:00 बजे तक जारी रहा. इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-81 को जाम कर बिजली विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. धरना में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि कोढ़ा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. लोगों का कहना था कि 24 घंटे में महज 2 घंटे ही बिजली मिल रही है. जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. भीषण गर्मी के बीच बिजली की किल्लत ने स्थिति और भी गंभीर बना दी है. खासकर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है. क्योंकि नियमित बिजली नहीं रहने से वे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की. ग्रामीणों ने एक अन्य गंभीर समस्या की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया. उनका कहना था कि दिन के समय एनएच-81 पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक (नो-एंट्री) रहने के कारण ट्रक एवं अन्य भारी वाहन ग्रामीण सड़कों से होकर गुजरते हैं. जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही इसी वजह से एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
