Katihar: शहर में मॉकड्रिल आज, सायरन बजते ही 15 मिनट का ब्लैकआउट

शहरी क्षेत्र में आज शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक पावर ब्लैकआउट रहेगा. सायरन बजते ही सभी जगह से पावर कट कर दिया जायेगा. बड़े स्तर पर सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं हवाई हमले से जुड़ा मॉकड्रिल आयोजित की जायेगी.

By Shruti Kumari | May 14, 2026 12:06 PM

कटिहार से सूरज गुप्ता की रिपोर्ट:

कटिहार: आज शाम में होनेवाली मॉकड्रिल को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एलर्ट मोड में है. विभिन्न स्तरों पर सिविल डिफेंस के वालंटियर्स, पुलिस और अधिकारी दिशानिर्देश के आलोक में मॉकड्रिल की तैयारी में जुटे हैं. उल्लेखनीय है कि शहरी क्षेत्र में आज शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक पावर ब्लैकआउट रहेगा. सायरन बजते ही सभी जगह से पावर कट कर दिया जायेगा. बड़े स्तर पर सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं हवाई हमले से जुड़ा मॉकड्रिल आयोजित की जायेगी.

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी आपातकालीन स्थिति, विशेषकर हवाई हमले जैसी परिस्थिति में प्रशासनिक तंत्र, राहत एवं बचाव एजेंसियों की तैयारियों और कार्यक्षमता की जांच करना है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल पूर्व निर्धारित अभ्यास है और आम लोगों को किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

इन चार स्थानों पर खास मॉकड्रिल
जिला प्रशासन के अनुसार जिले में चार प्रमुख सिमुलेशन स्थल चिन्हित किये गये है. जहां हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास होगा. इनमें मनिहारी मोड़, कटिहार रेलवे स्टेशन, माहेश्वरी एकेडमी के समीप ट्रेंड्स शॉपिंग मॉल और न्यू मार्केट स्थित होटल सत्कार शामिल हैं. इसके अलावा कई सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और सार्वजनिक परिसरों को भी अभ्यास के लिए चयनित किया गया है.

47 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस तैनात
जिला प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में यह मॉकड्रिल नागरिक सुरक्षा निदेशालय के तय मानकों के अनुरूप कराया जायेगा. कटिहार शहर के 47 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बल को तैनात किया गया है. बताया गया है कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह जांचना है कि किसी संभावित हवाई हमले या बड़े आपदा संकट की स्थिति में प्रशासन कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से राहत एवं बचाव कार्य कर सकती है.

कंट्रोल रूम में दे सकते है सूचना
अगर किसी तरह की इमरजेंसी हो तो कोई भी व्यक्ति इसकी सूचना सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम या जिला कंट्रोल रूम के फोन नम्बर 06452-239026, 239025 या 242400 पर दे सकता है. साथ ही नागरिक सुरक्षा कटिहार का कंट्रोल रूम का फोन नम्बर 06452-230501 पर भी लोग इसकी सूचना दे सकते है.

ALSO READ: Katihar: बारिश के बाद कटिहार निगम क्षेत्र की सड़कें बदहाल, जलजमाव से जनजीवन प्रभावित