KATIHAR: कमलाधार नदी पर 3.92 करोड़ की लागत से बनेगा उच्च स्तरीय पुल, पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने किया शिलान्यास

यह पुल क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है. निर्माण के बाद लखनपुर, बलुआ संथाली टोला सहित आसपास के कई गांवों को बारिश के दिनों में आवागमन की बड़ी समस्या से राहत मिलेगी.

By Shruti Kumari | May 13, 2026 10:37 AM

हसनगंज (कटिहार) से विजय गुप्ता की रिपोर्ट:

कटिहार: तारकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत लखनपुर से बलुआ संथाली टोला के बीच कमलाधार नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय आरसीसी पुल निर्माण कार्य का फीता काटकर और नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया. यह पुल लगभग 3.92 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा.

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

यह पुल क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है. निर्माण के बाद लखनपुर, बलुआ संथाली टोला सहित आसपास के कई गांवों को बारिश के दिनों में आवागमन की बड़ी समस्या से राहत मिलेगी. किसानों, छात्रों और आम लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलियों के विकास को प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा और लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करेगा.

किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा लाभ

नेताओं ने बताया कि जगरनाथपुर पंचायत के लखनपुर महमदिया सहित कई गांवों के लोग खेती-बाड़ी के लिए कमलाधार नदी के उस पार जाते हैं. नदी पार करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं.

स्थानीय लोगों ने इस पुल निर्माण को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया है, जिससे आवागमन सुरक्षित और आसान हो जाएगा.

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.