सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजना पर मंथन
नगर निगम सभागार में महापौर की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई. नये सदस्यों ने भाग लिया तथा नगर क्षेत्र के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की.
By RAJKISHOR K |
June 11, 2026 7:05 PM
– जनहित से जुड़े लिये गये कई महत्वपूर्ण निर्णय
– शहीद चौक स्थित तिरंगा मीनार स्थापित करने के प्रस्ताव पारित
कटिहार से रिपोर्ट,
नगर निगम कटिहार की सशक्त स्थायी समिति की बैठक गुरुवार को नगर निगम सभागार में महापौर उषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में नव निर्वाचित सभी सदस्यों ने भाग लिया तथा नगर क्षेत्र के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की. बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्रवाई की संपुष्टि के साथ हुई. इसके बाद आगामी मानसून को देखते हुए शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई. नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. बैठक में शहरी सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व संग्रहण की स्थिति, विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा हुई. इसके अलावा नगर निगम की पुरानी एवं अनुपयोगी स्क्रैप सामग्रियों की विभागीय प्रक्रिया के तहत बिक्री तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए नगर भवन के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सदस्यों ने अपने सुझाव दिए. महापौर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई. इनमें शहीद चौक स्थित तिरंगा मीनार स्थापित करने के प्रस्ताव को भी पारित किया गया. बैठक के दौरान नगर निगम प्रशासन ने समिति के सदस्यों से जनसमस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सुझाव प्राप्त किए.अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जायेगा.
नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद
मानसून की तैयारियों, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और नए नगर भवन निर्माण समेत कई मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा, मौके पर उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रधान सहायक, स्वच्छता पदाधिकारी, सशक्त स्थायी समिति सदस्यों में बिपीन बिहारी चौबे, जिमी प्रकाश, प्रमोद महतो, आलोक कुमार, नितेश कुमार सिंह, मंजू देवी,सलीम अंसारी मौजूद थे.
...