कटिहार के 19 केंद्रों पर पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा संपन्न, परीक्षा के चलते शहर की सड़कों पर लगा लंबा जाम

Diploma Certificate Exam: बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित डिप्लोमा परीक्षा को लेकर कटिहार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए. परीक्षा तो शांतिपूर्ण बीत गई, लेकिन परीक्षार्थियों की भारी भीड़ के चलते शहर की रफ्तार जरूर थम गई.

By Divyanshu Prashant | May 23, 2026 3:23 PM

Diploma Certificate Exam: कटिहार से सूरज गुप्ता की रिपोर्ट: कटिहार शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को पॉलिटेक्निक कॉलेजों में दाखिले के लिए डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा एक पाली में आयोजित की गई. जिला प्रशासन की मुस्तैदी के कारण सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

डीएम ने खुद संभाली कमान, जांच के बाद ही मिला प्रवेश

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी परीक्षा संचालन की खुद निगरानी कर रहे थे. परीक्षा को पारदर्शी और स्वच्छ बनाने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी. परीक्षा केंद्रों के बाहर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति मिली. गश्ती दल और उड़नदस्ता टीम लगातार विभिन्न केंद्रों का जायजा लेती रही. प्रशासन की इस कड़ाई का असर यह रहा कि कदाचार के आरोप में एक भी परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया और परीक्षा पूरी तरह गाइडलाइंस के तहत संपन्न हुई.

जिला नियंत्रण कक्ष से रखी गई पल-पल की नजर

परीक्षा के सफल संचालन के लिए समाहरणालय परिसर में एक विशेष जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था. प्रशासन ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर (06452-239025, 242400 और 239026) भी जारी किए थे. नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में जिला कला संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता और गृह रक्षा वाहिनी के जिला समादेष्टा गौतम कुमार मुस्तैद रहे. शहर के प्रमुख 19 केंद्रों में एमबीटीए इस्लामियां स्कूल, स्कॉटिश पब्लिक स्कूल, हरिशंकर नायक हाई स्कूल और माहेश्वरी एकेडमी जैसे बड़े केंद्र शामिल थे.

परीक्षार्थियों की भीड़ से थम गई शहर की रफ्तार

परीक्षा के कारण कटिहार शहर में सुबह से ही अन्य दिनों की तुलना में भारी चहल-पहल देखी गई. दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की आवाजाही की वजह से शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई. शहीद चौक, मंगल बाजार, बड़ा बाजार, सदर अस्पताल रोड, एमजी रोड, मिरचाईबाड़ी और न्यू मार्केट रोड सहित बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे आम राहगीरों को आवागमन में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Also Read: बिहार के नियोजित शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला, ट्रेनिंग से नहीं चलेगा काम, बढ़ा हुआ वेतन पाने के लिए TET पास करना जरूरी