शहर के 105 संवेदनशील व प्रमुख स्थानों पर लगाया जा रहा सीसीटीवी
नगर निगम अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के 105 संवेदनशील व प्रमुख स्थानों पर मेयर उषा देवी अग्रवाल के निर्देश पर कुल 288 सीसीटीवी लगाये जा रहें हैं.
By RAJKISHOR K |
June 8, 2026 7:31 PM
– छिनतई व आपराधिक गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजरकटिहार
शहर वासियों की सुरक्षा व निगरानी के लिहाज से नगर निगम प्रशासन की ओर से एक बड़ा महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. विभागीय निर्देश पर नगर निगम अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के 105 संवेदनशील व प्रमुख स्थानों पर मेयर उषा देवी अग्रवाल के निर्देश पर कुल 288 सीसीटीवी लगाये जा रहें हैं. मेयर उषा देवी अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा व निगरानी के लिहाज से शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए सराहीनय कदम है. इस नयी व्यवस्था से मुख्य क्षेत्र और कवरेज संवेदनशील चौराहों के अलावा प्रवेश व निकास द्वार पर नजर रखी जा सकेगी.
भीड़ भाड़ वाले बाजारों व प्रमुख व्यापारिक केन्द्रों में सुरक्षा बढ़ेगी
हैवी सीसीटीवी रहने के कारण प्रवेश व निकास द्वार से आने और जाने वाले मुख्य रास्तों को कवर किया गया है. इसके लग जाने से भीड़ भाड़ वाले बाजारों व प्रमुख व्यापारिक केन्द्रों में सुरक्षा बढ़ जायेगी. सुरक्षा और यातायात प्रबंधन अपराध नियंत्रण में कैमरे की मदद से चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रहने से इस पर आसानी से रोक लगायी जा सकती है. इतना ही नहीं ट्रैफिक मॉनिटरिंग के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करनेवालों और जाम की स्थिति पर सीधी नजर रखी जा सकेगी.
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
मेयर उषा देवी अग्रवाल ने बताया कि इन सभी 288 कैमरों का सीधा कनेक्शन एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से होगा. जहां पुलिस और प्रशासनिक टीम चौबीसों घंटे (24×7) लाइव फीड की निगरानी करेगी. यह पहल कटिहार के नागरिकों को एक सुरक्षित और बेहतर शहरी माहौल देने में काफी मददगार साबित होगी.
...