आजमनगर मुख्य बाजार में जलजमाव से व्यवसाय प्रभावित

आजमनगर मुख्य बाजार में बारिश के कारण मुख्य सड़क सहित विभिन्न गली मुहल्लों में जलजमाव के कारण राहगीर परेशान है जबकि, व्यवसायियों व दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है.

By RAJKISHOR K | June 11, 2026 6:24 PM

कटिहार के आजमनगर से रिपोर्ट,

प्रखंड क्षेत्र के आजमनगर मुख्य बाजार में बारिश के कारण मुख्य सड़क सहित विभिन्न गली मुहल्लों में जलजमाव के कारण राहगीर परेशान है जबकि, व्यवसायियों व दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. नाम मात्र बारिश होने पर बाजार के मुख्य मार्ग व सहायक सड़कों में जल जमाव की स्थिति बनी रहती है. आजमनगर बाजार 28 पंचायतों के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय से भी जुड़ी है. प्रखंड मुख्यालय एवं थाना को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह जलजमाव से प्रभावित रहती है. कभी बारिश के पानी से स्थानीय लोगों की माने तो लगातार सड़क एवं नाला की मांग की जा रही है. बावजूद इसके अब तक सड़क तथा नाला का निर्माण नहीं हो सका है. सांसद, विधायक सहित पंचायत के वर्तमान मुखिया भी ऐसे जिम्मेदारियों से भागते नजर आ रहे हैं. एक नाला का निर्माण कार्य हाल के दिनों में ही हुआ है लेकिन कनीय अभियंता व जनप्रतिनिधि के साथ अधिकारियों के हाथों भ्रष्टाचार का भेंट चढ गया.

नवनिर्मित नाला पहली ही बारिश में पूरी तरह से विफल

नवनिर्मित नाला पहली ही बारिश में पूरी तरह से विफल रहा. जिसके कारण स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा सरकारी खजाने में से लाखों रुपए की निकासी सिर्फ अधिकारी व जनप्रतिनिधियों के जेब गर्म करने के लिए निकाले जाते हैं ना कि पंचायत के विकास कार्य के लिए. स्थानीय लोगों ने उक्त सड़क के पानी से निजात दिलाने को लेकर उचित व्यवस्था कराए जाने की मांग डीएण्म से की है. बाजार स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया एटीएम के सामने से लेकर सनातन पोद्दार के दुकान तक सड़क की हालत को देख राहगीरों सहित व्यापारियों ने आजमनगर बीडीओ के कार्यकाल से नाराजागी जाहिर की है.

डीएम से समस्या के समाधान की मांग

स्थानीय लोगों में यूसुफ आलम, शाहबाज आलम, सुमन कुमार, तापोस कुमार, छोटू कुमार, राजू राय, रतन राय, प्रदीप राय, पवन कुमार पोद्दार, अमित एवं सोनू सहित दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी कटिहार से आजमनगर मुख्य बाजार में गंदे व कीचड़ युक्त पानी से निजात दिलाए जाने की मांग करते हुए कनीय अभियंता व भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पंचायती राज पदाधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि उक्त मामले की जानकारी हमें नहीं है. जल्द ही जांच की जाएगी साथ ही पानी के निकासी को लेकर जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है.