श्रम भवन में 102 एम्बुलेंस कर्मियों की त्रिपक्षीय वार्ता संपन्न, 11 बिंदुओं पर बनी सहमति

संयुक्त श्रम भवन में मंगलवार को 11 बजे श्रम अधीक्षक पीटर मिंज की अध्यक्षता में 102 एम्बुलेंस के चालक और ईएमटी कर्मचारियों की मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता हुई.

By RAJKISHOR K | June 16, 2026 7:50 PM

कटिहार से प्रतिनिधि, की रिपोर्ट,

स्थानीय संयुक्त श्रम भवन में मंगलवार को 11 बजे श्रम अधीक्षक पीटर मिंज की अध्यक्षता में 102 एम्बुलेंस के चालक और ईएमटी कर्मचारियों की मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता हुई. बैठक में जैन प्लस एजेंसी के एचआर हेड विनीत कुमार, ओएम विजित श्रीवास्तव, क्लस्टर प्रमुख कुमार सिंह, पवन शर्मा और 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के मुख्य संरक्षक विकास सिंह, अध्यक्ष अमर सिंह, सचिव अब्दुल मतीन, कोषाध्यक्ष मणिकांत झा सहित सुपौल, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा के जिला अध्यक्ष और 50 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहे.

वार्ता में बनी प्रमुख सहमति

न्यूनतम मजदूरी, सभी चालक और ईएमटी कर्मियों को कुशल श्रमिक के रूप में 551 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे. कार्य से हटाए गए सोनू कुमार, मनोज कुमार और आनंद कुमार को माफीनामा देने के एक सप्ताह भीतर बहाल किया जायेगा. 17 जून को सदर अस्पताल में सभी कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा. ईपीएफ-ईएसआईसी सभी का अंशदान समय पर जमा होगा. मुआवजा स्व धीरज महतो के परिजनों को कागजात जमा करने के 15 दिन भीतर 5 लाख रुपये दिए जायेंगे.

ओवरटाइम के तहत कर्मियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी, अनुकंपा का भी मिलेगा लाभ

ओवरटाइम के तहत कर्मियों को प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. अनुकंपा नियुक्ति, स्व अनिल ठाकुर के परिजन को इसी माह चालक पद पर नियुक्ति मिलेगी. बोनस, हर साल अक्तूबर में बोनस भुगतान पर एजेंसी से वार्ता होगी. स्थानांतरण, छोटी गलती पर जिले से बाहर तबादला नहीं होगा. तेल माइलेज, क्लस्टर प्रमुख और संघ मिलकर तय करेंगे. सभी कर्मचारी और प्रबंधन परिवार की तरह काम करेंगे. श्रम अधीक्षक पीटर मिंज ने बताया कि वार्ता सौहार्दपूर्ण रही. मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने सफल वार्ता के लिए श्रम विभाग, एजेंसी और जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी का आभार जताया.