जहानाबाद में SP के नेतृत्व में शहर में चला सघन वाहन जांच अभियान, 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला
Jehanabad News: एसपी कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में जहानाबाद शहर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. रोको-टोको अभियान के तहत 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया और संदिग्ध वाहनों की जांच की गई.
Jehanabad News: जहानाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में रविवार को शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. एसपी की मौजूदगी में चलाये गये ”रोको-टोको अभियान” के तहत विधि-व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गयी. पुलिस अधीक्षक ने स्वयं काको मोड़, कारगिल चौक व अरवल मोड़ जैसे प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर पहुंचकर इस सघन वाहन जांच अभियान का नेतृत्व किया.
यातायात पुलिस टीम रही मुस्तैद
इस विशेष जांच अभियान में यातायात थाना के पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार समेत भारी संख्या में जिला पुलिस के सशस्त्र बल व पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे. एसपी की देखरेख में यातायात नियमों का सरेआम उल्लंघन करने वाले, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ट्रिपल लोडिंग चलने वाले वाहन चालकों से सख्ती से जुर्माने की राशि वसूली गयी. इस दौरान एसपी ने अभियान का जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
असामाजिक तत्वों पर कड़ा प्रहार
अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना, संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की बारीकी से जांच करना, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क गश्त के माध्यम से आमजन में सुरक्षा व विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना था. पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से बिना नंबर प्लेट और लहरिया कट बाइक चलाने वाले युवकों के बीच हड़कंप मचा रहा.
जुर्माने के रूप में बड़ी वसूली
इस सघन वाहन जांच के दौरान कुल दर्जनों वाहनों की तकनीकी जांच की गई और नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माने के रूप में 57 हजार रुपये की सरकारी राजस्व वसूली की गयी. अभियान के अंत में एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि जहानाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और शहर की शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.
Also Read: जहानाबाद: जनगणना में मातृभाषा के रूप में मगही दर्ज कराने की अपील, मखदुमपुर में सजी 12वीं मगही चौपाल
