जहानाबाद में कचरा ट्रॉली टच होने पर दो सफाईकर्मियों की कर दी पिटाई, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया

Jehanabad News : जहानाबाद के प्यारी मोहल्ला में कचरा ट्रॉली टकराने के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. दो सफाईकर्मी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष ने भी एक व्यक्ति के घायल होने का दावा किया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

By Nikhil Anurag | June 27, 2026 9:52 PM

जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jehanabad News : नगर थाना क्षेत्र के प्यारी मोहल्ला में कचरा उठाने के दौरान ट्रॉली टच होने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. घटना में दो सफाईकर्मी घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष ने भी अपने एक व्यक्ति के घायल होने का दावा किया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

कचरा ट्रॉली टच होने पर शुरू हुआ विवाद

घायल सफाईकर्मी शब्बीर कुमार ने बताया कि वह मोहल्ले में कचरा साफ कर ट्रॉली से ले जा रहे थे. इसी दौरान ट्रॉली एक युवक से टच हो गई. उन्होंने माफी भी मांगी, लेकिन युवक ने गुस्से में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई की भी पिटाई कर दी गई, जिससे वह भी घायल हो गए.

दोनों पक्षों ने लगाया आरोप

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. दूसरे पक्ष का कहना है कि मारपीट में उनके पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है.

सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

सदर अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. ए.के. नंदन ने बताया कि मारपीट में घायल दो युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जिनका उपचार किया गया.

आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

नगर थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं. पूछताछ के लिए दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार मामला दो समुदायों के बीच विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी