Jehanabad : जीविका दीदियों ने रंगोली व रैली के माध्यम से किया जागरूक

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी के निर्देश पर स्वीप कोषांग के नेतृत्व में पूरे जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है. इसी क्रम में अरवल विधानसभा क्षेत्र के कलेर प्रखंड अंतर्गत कामता पंचायत (मतदान केंद्र संख्या 131, 132, 133 एवं 134) सहित सकरी खुर्द पंचायत, अहमदपुर हरना, अरवल सदर तथा निरंजनपुर कलेर में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.

By MINTU KUMAR | November 4, 2025 10:09 PM

Jehanabad Election. अरवल/हुलासगंज. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी के निर्देश पर स्वीप कोषांग के नेतृत्व में पूरे जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है. इसी क्रम में अरवल विधानसभा क्षेत्र के कलेर प्रखंड अंतर्गत कामता पंचायत (मतदान केंद्र संख्या 131, 132, 133 एवं 134) सहित सकरी खुर्द पंचायत, अहमदपुर हरना, अरवल सदर तथा निरंजनपुर कलेर में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपने-अपने पंचायतों में रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर मतदाताओं को 11 नवंबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संदेश दिया. दीदियों ने सबका मतदान, सबकी भागीदारी का नारा देते हुए गांव-गांव, गली-मोहल्लों में रैली निकाली और मतदाता शपथ भी ली कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि कोई भी योग्य मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए तथा हर वर्ग महिला, पुरुष, युवा एवं दिव्यांग सभी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. स्वीप कोषांग द्वारा बताया गया कि इस प्रकार की गतिविधियों मतदान दिवस तक लगातार जारी रहेंगी. हुलासगंज के सूरजपुर पंचायत अंतर्गत कन्दौल गांव के बूथ नंबर 268 पर जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान को एक नया आयाम दिया जा रहा है. जीविका सीएम दीदी स्वयं डोर-टू-डोर जाकर महिलाओं और ग्रामीणों को मतदान के महत्व के बारे में प्रेरित कर रही हैं. दीदियों का कहना है कि हर एक वोट बदलाव की ताकत रखता है, इसलिए मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है. उनके उत्साह से गांव का माहौल उत्सव जैसा हो गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है