घोसी बाजार में सड़क किनारे सज रही सब्जी की दुकानें, बढ़ते अतिक्रमण से परेशानी, कार्रवाई की मांग

Jehanabad News : घोसी प्रखंड कार्यालय से लेकर अंबेडकर मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर ऑटो चालकों और सब्जी विक्रेताओं का कब्जा बना रहता है.

By SUNIL KUMAR | July 3, 2026 3:12 PM

Jehanabad News : घोसी बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बाजार की मुख्य सड़कों पर ऑटो, टोटो, ठेला एवं सब्जी विक्रेताओं के कब्जे से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है.

सड़क पर ही लगा देते हैं ऑटो और टोटो

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाया तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. जानकारी के अनुसार, घोसी प्रखंड कार्यालय से लेकर अंबेडकर मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर ऑटो चालकों और सब्जी विक्रेताओं का कब्जा बना रहता है. वहीं अंबेडकर मोड़ से पुराना अस्पताल तक धामापुर जाने वाली सड़क पर टोटो एवं ठेला चालकों के खड़े रहने से अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. कई बार लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

अंबेड़कर मोड़ से मुख्य बाजार तक सड़क की स्थिति खराब

अंबेडकर मोड़ से मुख्य बाजार जाने वाली सड़क की स्थिति भी कम खराब नहीं है. कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं, जिससे सड़क काफी संकरी हो जाती है. ऐसे में बड़े वाहनों का प्रवेश लगभग असंभव हो जाता है. यदि गलती से कोई कार, स्कॉर्पियो या अन्य चारपहिया वाहन बाजार में प्रवेश कर जाए, तो उसे निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है और लंबे समय तक यातायात बाधित रहता है. बाजारवासियों का कहना है कि जिले के अन्य बाजारों में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया है, लेकिन घोसी बाजार में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है.

प्रशासन से अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग

इसी का परिणाम है कि अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कें सार्वजनिक उपयोग के लिए होती हैं, लेकिन अतिक्रमण के कारण आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है. बाजारवासियों ने जिला प्रशासन एवं जिलाधिकारी से घोसी बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाए, तो यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकेगी और लोगों को राहत मिलेगी.

Also Read: जहानाबाद : शादी के 4 महीने बाद ही महिला ने ससुराल वालों पर दर्ज कराया दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा