Jehanabad : आसमान से बरस रही आग, 42 पार पहुंचा पारा

तीखी धूप व गर्म हवा की रफ्तार ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. आसमान से बरस रही आग लोगों को झुलसाने लगा है.

By MINTU KUMAR | April 25, 2026 10:55 PM

जहानाबाद नगर. तीखी धूप व गर्म हवा की रफ्तार ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. आसमान से बरस रही आग लोगों को झुलसाने लगा है. गर्मी की प्रचंडता के कारण घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है. जिलेवासियों को गर्मी से होने वाली बीमारियों का भय सता रहा है. पिछले दिनों से तेज धूप व तेज रफ्तार से चल रही गर्म हवा के चलते मौसमी बीमारियों में इजाफा होने की संभावना जतायी जा रही है. तीखी धूप व गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को हलकान कर दिया है. दिन का तापमान इतना तल्ख हो गया है कि सड़क पर निकलने से लोग हिचक रहे हैं. जिले में पारा 42 डिग्री को पार कर चुका है. शनिवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं चल रही गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया. इधर, हवा और तल्ख धूप चलने के कारण किसान भी चिंतित हैं. कड़ाके की धूप और गर्म हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसल को बचाना मुश्किल हो रहा है. आसमान आग उगल रहा है जिसकी तपिश से धरती पर लोग बेहाल हैं. सुबह के 10 बजते ही तेज धूप व भीषण गर्मी लोगों को इस कदर परेशान कर रहा है कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है. हालांकि लोग अपने जरूरत के मुताबिक घरों से बाहर निकल रहे हैं. इस दौरान धूप व गर्मी से बचने के उपाय करते लोग देखे जा रहे हैं. गर्मी से बचाव के लिए बरतें सावधानी : जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए चिकित्सक भी सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं. लगातार बढ़ती गर्मी के बीच अस्पतालों में डायरिया च पेट में दर्द जैसी शिकायतों को लेकर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने को देखते हुए चिकित्सक भी लोगों को इस मौसम में अभी से सतर्कता बरतने को कह रहे हैं. चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी का सेवन करें, वे तला, भूना चीज खाने से परहेज करने की सलाह दे रहे हैं. साथ ही सूती कपड़ा पहनने, तेज धूप में नहीं निकलने की सलाह दे रहे हैं. चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप व गर्म हवा की चपेट में आकर लोग बीमार पड़ रहे हैं.