Jehanabad : ट्रैक्टर की चपेट में आने से ढलाई मजदूर की गयी जान

किंजर थाना क्षेत्र के खैराड़ीह गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार दोपहर एक ढलाई मजदूर की ट्रैक्टर से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गयी़

By MINTU KUMAR | January 31, 2026 11:25 PM

किंजर . किंजर थाना क्षेत्र के खैराड़ीह गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार दोपहर एक ढलाई मजदूर की ट्रैक्टर से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गयी़ मृतक की पहचान वंशी थाना क्षेत्र के माली गांव निवासी 30 वर्षीय पुनीत राम, पुत्र टाइगर राम के रूप में हुई है़ घटना की जानकारी मिलने पर किंजर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इससे पहले ग्रामीण और ढलाई मजदूरों के साथी घायल मजदूर को आनन-फानन में किंजर सरकारी अस्पताल ले गये, जहां से उसे अरवल सदर अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर इन दिनों अपने ससुराल रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव में रहते थे और ढलाई मजदूरों के समूह में कार्यरत थे. शनिवार को दोपहर भोजन के बाद स्कूल परिसर में बालू गिराने का कार्य कर रहे थे और आराम के लिए वहीं लेट गये थे. इसी दौरान बालू गिराने के लिए आए ट्रैक्टर के बैकिंग के समय दुर्घटना घटी और ट्रैक्टर सीधे उनके ऊपर चल गया. ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.