Vaishali Road Accident : (नवीन कुमार सिंह) वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के तेलिया सराय गांव के पास एनएच-22 पर सोमवार को सड़क किनारे टहल रहे एक रिटायर्ड रेलकर्मी की बाइक की टक्कर से मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-22 जाम कर दिया.
Vaishali News : टहलने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के तेलिया सराय गांव निवासी स्व. शिव राय के 67 वर्षीय पुत्र एवं रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी राम मिलन राय के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, राम मिलन राय करीब पांच वर्ष पहले रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे और घर पर रह रहे थे.
सोमवार को वह एनएच-22 किनारे टहलते हुए कहीं जा रहे थे. इसी दौरान सराय से हाजीपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया. आसपास के लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एनएच-22 की पूर्वी लेन पर रखकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे.
सूचना मिलने पर सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में परिजनों को सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद करीब 30 मिनट बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हुआ.
बाइक जब्त, पुलिस कर रही जांच
सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है. दुर्घटनास्थल से बाइक जब्त कर ली गई है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
