क्या 2026 फीफा विश्व कप के बाद संन्यास लेंगे रोनाल्डो? स्टार फुटबॉलर ने किया खुलासा

Cristiano Ronaldo: फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने भविष्य को लेकर एक महत्वपूर्ण संकेत दिया है, जिससे उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह फीफा वर्ल्ड कप उनके अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर का आखिरी विश्व कप होगा.

By Ritu Raj | July 6, 2026 8:31 AM

Cristiano Ronaldo: पुर्तगाल के कप्तान ने यह बात अपने देश के एक बड़े मुकाबले से ठीक पहले कही, जिससे उनके संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है. रोनाल्डो ने यह तो साफ कर दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कब तक खेलना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने क्लब स्तर पर अपने पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है. उन्होंने बहुत ही संयमित अंदाज में कहा है कि वे इस बारे में कोई भी निर्णय ‘सही समय आने पर’ लेंगे, जिससे यह साफ है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने खेल को जारी रखने पर है और वे जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करने वाले हैं.

6 वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने रोनाल्डो

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 2026 में एक नया इतिहास रच दिया है. वे दुनिया के पहले ऐसे पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने करियर में 6 फीफा वर्ल्ड कप खेले हैं. यह उपलब्धि साबित करती है कि रोनाल्डो इतने लंबे समय से फुटबॉल की दुनिया में अपनी फिटनेस और बेहतरीन प्रदर्शन को बनाए रखने में कितने सफल रहे हैं. यह उनके शानदार करियर का एक और यादगार पल है.

रोनाल्डो के नाम दर्ज हैं फुटबॉल की हर बड़ी उपलब्धि

पिछले दो दशकों में रोनाल्डो ने खुद को फुटबॉल के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में स्थापित किया है. वह पाँच बार बैलन डी’ओर विजेता रहे हैं और उन्होंने इंग्लैंड, स्पेन और इटली में लीग खिताब जीते हैं. इसके अलावा उन्होंने यूईएफए चैंपियंस लीग में भी कई बार सफलता हासिल की है और पुर्तगाल के सर्वकालिक शीर्ष गोलस्कोरर और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने हैं.

रोनाल्डो की कप्तानी में पुर्तगाल का सुनहरा दौर

पुर्तगाल के कप्तान के रूप में रोनाल्डो ने देश को ऐतिहासिक सफलता दिलाई. उनकी अगुवाई में पुर्तगाल ने 2016 में अपना पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब UEFA यूरो कप जीता और 2019 में UEFA नेशंस लीग का पहला संस्करण भी अपने नाम किया. इसके बावजूद, फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी अब भी उनके करियर की सबसे बड़ी अधूरी उपलब्धि बनी हुई है.

नॉकआउट दौर में रोनाल्डो की अग्निपरीक्षा

पुर्तगाल अब नॉकआउट दौर में है, जिसका मतलब है कि अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा है. हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, इसलिए दबाव बहुत ज्यादा है. माना जा रहा है कि यह रोनाल्डो का आखरी वर्ल्ड कप हो सकता है. ऐसे में उनकी पूरी कोशिश वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतकर अपने सुनहरे करियर का सबसे बड़ा सपना पूरा करने की है. अब हर मैच उनके लिए एक फाइनल की तरह है, जिसे जीतकर वे फुटबॉल की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करना चाहेंगे.

रोनाल्डो के आइकॉनिक सेलिब्रेशन की अनसुनी कहानी

रोनाल्डो ने इंटरव्यू में अपने आइकॉनिक “Siuuu” सेलिब्रेशन के पीछे की दिलचस्प कहानी साझा करते हुए बताया कि इसकी शुरुआत पूरी तरह से स्वाभाविक थी. उन्होंने खुलासा किया कि यह जश्न पहली बार 2013 में अमेरिका में चेल्सी के खिलाफ खेले गए एक मैच के दौरान सामने आया था. रोनाल्डो के अनुसार, पुर्तगाली शब्द ‘Sí’ (जिसका अर्थ “हां” होता है) से निकले इस सेलिब्रेशन को उन्होंने गोल करने की खुशी में जोश के साथ चिल्लाया था. देखते ही देखते यह स्वाभाविक प्रतिक्रिया उनका ट्रेडमार्क बन गई और समय के साथ फुटबॉल की दुनिया का सबसे प्रसिद्ध जश्न बन गई. जिसे आज न केवल रोनाल्डो, बल्कि दुनिया भर के प्रशंसक और खिलाड़ी अपने गोल का जश्न मनाने के लिए अपनाते हैं.

इसे भी पढ़े- फीफा वर्ल्ड कप 2026: इंग्लैंड-मेक्सिको मुकाबले पर मौसम की मार, भारी बारिश के कारण मैच एक घंटे देरी से शुरू