अन्वय द्रविड़ का अर्धशतक बेकार, महाविथाना के शतक से श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराया

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने 87 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन दिमांथा महाविथाना के नाबाद 155 रन की बदौलत श्रीलंका अंडर-19 टीम ने भारत को दूसरे युवा वनडे में 8 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई.

By Ujjawal Sinha | July 6, 2026 8:38 PM

Sri Lanka U19 Beat India U19: राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद भारत अंडर-19 टीम को दूसरे युवा वनडे में हार का सामना करना पड़ा. सोमवार को हम्बनटोटा में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका अंडर-19 टीम ने भारत को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 81 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ और अर्जुन राजपूत ने मोर्चा संभाला. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 145 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

शतक से चूके अन्वय द्रविड़

अन्वय द्रविड़ ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों पर 87 रन बनाए. उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा. उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस ने उन्हें आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया.

अर्जुन राजपूत ने भी जड़ा अर्धशतक

अन्वय के अलावा अर्जुन राजपूत ने 76 रन की अहम पारी खेली. हालांकि इन दोनों के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम ने अंतिम तीन विकेट सिर्फ 22 रन के भीतर गंवा दिए. भारत की पूरी टीम 285 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर पर सिमट गई. श्रीलंका की ओर से गिम्हान मेंडिस सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 41 रन देकर 5 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उनकी घातक गेंदबाजी ने भारत को 300 के पार पहुंचने से रोक दिया.

महाविथाना ने खेली मैच जिताऊ पारी

286 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को दिमांथा महाविथाना ने शानदार शुरुआत दिलाई. सलामी बल्लेबाज महाविथाना ने 153 गेंदों में 12 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 155 रन बनाए. उनकी पारी भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हुई.

दो शतकीय साझेदारी से श्रीलंका ने हासिल की जीत

महाविथाना ने पहले सेनुजा वेकुनागोडा (60) के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 रन जोड़े. इसके बाद कप्तान विमथ दिनसारा (56*) के साथ तीसरे विकेट के लिए 163 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत तक पहुंचाया. श्रीलंका ने 48 ओवर में 2 विकेट खोकर 291 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.

सीरीज 1-1 से बराबर

भारत ने श्रृंखला का पहला मुकाबला 4 विकेट से जीता था, लेकिन दूसरे मैच में श्रीलंका की जीत के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबरी पर पहुंच गई है. अब दोनों टीमों के बीच होने वाला तीसरा और अंतिम मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा.

यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी समेत कई युवा खिलाड़ियों की एंट्री; संजू सैमसन बाहर