SRH vs PBKS: क्लासेन और ईशान की अर्धशतकीय पारी, हैदराबाद ने पंजाब को दिया 236 रनों का लक्ष्य

आईपीएल 2026 का 49वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए।

By Ujjawal Sinha | May 6, 2026 9:17 PM

SRH vs PBKS: पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहतरीन रही. पहले विकेट के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने 54 रनों की साझेदारी की. अभिषेक शर्मा 35 रन बनाकर आउट हुए. उसके बाद ट्रेविस हेड 38 रन बनाकर चलते बने.

इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रनों की साझेदारी की. ईशान किशन 55 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान ईशान ने 4 छक्के और 2 चौके लगाए. उसके बाद चौथे विकेट के लिए क्लासेन ने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर 63 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 235 तक पहुंचा दिया. क्लासेन ने 69 और रेड्डी ने नाबाद 29 रनों की पारी खेली. पंजाब के लिए अर्शदीप ने 1, फर्ग्यूसन ने 1, चहल ने 1 और वैशाख ने 1 विकेट चटकाए.

ऐसे ही दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन.

इम्पैक्ट सब : अनिकेत वर्मा, प्रफुल हिंगे, लियाम लिविंगस्ट, हर्ष दुबे और हर्षल पटेल.

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.

इम्पैक्ट सब : प्रियांश आर्य, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद और मुशीर ख़ान.

टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. उन्होंने टॉस जीतने के बाद कहा कि जिन भी मैचों में हमें हार मिली है, उससे हमने काफी कुछ सीखा है. ट्रैवलिंग को लेकर हमें अभी तक कोई शिकायत नहीं है. हर कोई चीजों को बेहद प्रोफेशनल तरीके से हैंडल कर रहा है. पिछले मैच में हैदराबाद ने चेज किया था, इसलिए मैंने सोचा कि पहले गेंदबाजी करूं और उन्हें पहले बल्लेबाजी करने का मौका दूं.