वर्ल्ड कप से बाहर होते ही भड़के फैंस, एयरपोर्ट पर कोच के खिलाफ लगे ‘Hong Out’ के नारे

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद दक्षिण कोरिया की टीम को स्वदेश लौटते ही नाराज फैंस का सामना करना पड़ा. फैंस ने पूर्व मुख्य कोच होंग म्युंग-बो के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे के बावजूद नाराजगी जाहिर की.

By Ujjawal Sinha | June 30, 2026 6:42 PM

South Korea Coach Hong Myung-Bo: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दक्षिण कोरिया की फुटबॉल टीम को स्वदेश लौटने पर फैंस के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. टीम के मुख्य कोच होंग म्युंग-बो ने टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इसके बावजूद फैंस का गुस्सा शांत नहीं हुआ.

इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में फैंस जुटे और “Hong Out” के नारे लगाए. फैंस ने कोच को टीम की विफलता के लिए जिम्मेदार ठहराया, जबकि खिलाड़ियों का तालियों के साथ स्वागत किया गया.

पहले राउंड में ही बाहर हुई साउथ कोरिया की टीम

दक्षिण कोरिया को राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन अंतिम ग्रुप मैच में अपने से कमजोर मानी जाने वाली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-1 की हार ने उसका अभियान खत्म कर दिया. टीम एक जीत और दो हार के साथ पहले राउंड से ही बाहर हो गई.

हवाई अड्डे पर प्रदर्शनकारियों ने बैनर लेकर विरोध जताया. एक बैनर पर लिखा था, “दक्षिण कोरियाई फुटबॉल मर चुका है”, जबकि अन्य फैंस “होंग, तुम्हें इस्तीफा देना होगा” के नारे लगाते रहे.

वर्ल्ड कप से पहले इस टीम को दक्षिण कोरिया की “गोल्डन जेनरेशन” कहा जा रहा था. टीम में कप्तान और पूर्व टोटेनहम स्टार सोन ह्युंग-मिन, किम मिन-जे और ली कांग-इन जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल थे. ऐसे में फैंस को कम से कम नॉकआउट चरण में पहुंचने की उम्मीद थी.

इस फैसले की वजह से टीम को मिली हार

हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में सोन ह्युंग-मिन को पहले हाफ में बेंच पर बैठाने का फैसला फैंस को बिल्कुल पसंद नहीं आया. कई समर्थकों का मानना है कि यही वह फैसला था, जिसने टीम के अभियान को पटरी से उतार दिया.

होंग म्युंग-बो का यह दूसरा कार्यकाल था. इससे पहले 2014 वर्ल्ड कप में भी उनकी कोचिंग में दक्षिण कोरिया ग्रुप चरण से बाहर हो गया था. उस समय भी टीम को स्वदेश लौटने पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. इस बार भी वर्ल्ड कप में मिली नाकामी ने कोच और फुटबॉल संघ दोनों को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है.

यह भी पढ़ें: नॉकआउट की खुशी फीकी! केप वर्डे के कप्तान रयान मेंडेस पर दुष्कर्म का आरोप