हैंडशेक ठुकराने पर भड़के पराग्वे के गोलकीपर; किलियन एम्बाप्पे पर फेंकी गेंद, वीडियो वायरल
Kylian Mbappe: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर शानदार अंदाज में क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. हालांकि मैच खत्म होने के बाद जो घटनाक्रम देखने को मिला, उसने फ्रांस की जीत से ज्यादा सुर्खियां बटोर लीं. अंतिम सीटी बजने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने का दौर चल रहा था, तभी फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे और पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल आमने-सामने आ गए.
Kylian Mbappe: गिल ने खेल भावना के तहत एम्बाप्पे से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन एम्बाप्पे बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए. इस बात से नाराज गिल अपना आपा खो बैठे और उन्होंने गुस्से में एम्बाप्पे के पीछे गेंद फेंक दी. इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मैदान पर तनाव का माहौल बन गया और दोनों टीमों के खिलाड़ी भी आमने-सामने आ गए. बाद में ऑरलैंडो गिल ने स्वीकार किया कि हैंडशेक नहीं मिलने से उन्हें गुस्सा आ गया था, इसलिए उन्होंने आवेश में यह कदम उठा लिया.
— . (@AERFAGFX) July 5, 2026
क्या हुआ मैच के बाद?
अंतिम सीटी बजने के बाद ऑरलैंडो गिल खेल भावना दिखाते हुए एम्बाप्पे से हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़े. हालांकि, एम्बाप्पे बिना उनकी ओर देखे अपने साथियों के साथ जीत का जश्न मनाने चले गए. इससे नाराज गिल ने उनके पीछे गेंद फेंक दी और फिर वहां से चले गए. इस घटना के बाद कुछ देर के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हल्की कहासुनी भी देखने को मिली.
ऑरलैंडो गिल ने क्या दी सफाई
मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने अपने व्यवहार पर सफाई देते हुए कहा, “मैंने उनसे हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मेरी तरफ ध्यान ही नहीं दिया. उसी समय मुझे गुस्सा आ गया. हालांकि, मैंने बस वही किया और उसके बाद खुद को शांत कर लिया.”
मैच में भी रहा जबरदस्त तनाव
फ्रांस और पराग्वे के बीच मुकाबला शुरुआत से ही बेहद शारीरिक और आक्रामक रहा. पराग्वे के खिलाड़ियों ने एम्बाप्पे को रोकने के लिए लगातार कड़े टैकल किए. कई मौकों पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. इसके बावजूद फ्रांस ने धैर्य बनाए रखा और निर्णायक गोल कर जीत हासिल की.
पेनल्टी से मिला जीत का गोल
मैच का इकलौता गोल किलियन एम्बाप्पे ने 70वें मिनट में पेनल्टी पर किया. इस गोल की बदौलत फ्रांस ने 1-0 से मुकाबला जीत लिया और विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. पूरे मुकाबले में पराग्वे की रक्षापंक्ति ने फ्रांस को कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंत में एम्बाप्पे की पेनल्टी निर्णायक साबित हुई.
🎙️They tried to get into your heads, and tried to unsettle you and throw you off your focus right up until the end. The end of the match was incredibly tense—how did you all handle all of that?
— utdzaire🇨🇩 (@utdZaiire) July 4, 2026
🗣️Kylian Mbappé: No, I think we knew the kind of match we were in for. But I believe…
एम्बाप्पे ने क्या कहा
मैच के बाद एम्बाप्पे ने कहा कि उनकी टीम ने साबित कर दिया कि जरूरत पड़ने पर वह आक्रामक और कठिन परिस्थितियों में भी जीत हासिल करना जानती है. उन्होंने कहा कि टीम को पहले से अंदाजा था कि मुकाबला बेहद मुश्किल और शारीरिक होगा. उनके अनुसार, लोग सोच रहे थे कि फ्रांस केवल आकर्षक फुटबॉल खेलता है, लेकिन टीम जरूरत पड़ने पर उसी अंदाज में जवाब देना भी जानती है.
सोशल मीडिया पर छाया विवाद
मैच के बाद एम्बाप्पे और गिल की यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. कुछ लोगों ने एम्बाप्पे द्वारा हैंडशेक नहीं करने को खेल भावना के खिलाफ बताया, जबकि कई प्रशंसकों ने माना कि पूरे मैच में पराग्वे के आक्रामक रवैये को देखते हुए फ्रांसीसी कप्तान की प्रतिक्रिया स्वाभाविक थी.
इसे भी पढ़े- फीफा वर्ल्ड कप 2026: मैदान पर भिड़े फ्रांस और पराग्वे के खिलाड़ी, मारपीट का वीडियो वायरल
